बीबी-जीरामजी के तहत संभाग स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण का शुभारंभ

Share News

बीकानेर, 17 जून। ग्रामीण विकास योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सामाजिक लेखा परीक्षा, जवाबदेही एवं पारदर्शिता सोसायटी जयपुर तथा राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान, हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय संभाग स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को हरिश्चन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान में किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में जिला परिषद बीकानेर का विशेष सहयोग रहा।प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ लोकपाल श्रीमती संजीदा बानो, संभागीय प्रशिक्षण नोडल अधिकारी एवं मुख्य प्रशिक्षक नंदलाल शर्मा, एसएसएएटी शासन सचिवालय, जयपुर से आए मुख्य प्रशिक्षक नरेंद्र जोशी तथा जिला परिषद हनुमानगढ़ के प्रशिक्षक मुकेश पुजारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। ज़िला परिषद के आईईसी समन्वयक गोपाल जोशी ने कार्यशाला की विषय वस्तु पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को विषय विशेषज्ञों की जानकारी दी। अतिथियों ने प्रशिक्षण की आवश्यकता और ग्रामीण विकास योजनाओं में सामाजिक अंकेक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला।प्रशिक्षण के प्रथम दिवस मुख्य प्रशिक्षक नंदलाल शर्मा एवं नरेंद्र जोशी ने वीबी-जीरामजी योजना के शासकीय ढांचे, सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया तथा अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने रोजगार गारंटी, निर्धारित समय-सीमाओं, श्रमिक पंजीकरण प्रक्रिया, कार्य आवंटन, मजदूरी भुगतान व्यवस्था तथा श्रमिकों के अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवहारिक उदाहरणों और समूह गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक अंकेक्षण की बारीकियों से भी अवगत कराया गया।प्रशिक्षकों ने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का एक सशक्त माध्यम है, जिससे योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है तथा आमजन की भागीदारी बढ़ती है। यह प्रशिक्षण ब्लॉक स्तर पर कार्यरत संसाधन व्यक्तियों की क्षमता वृद्धि में सहायक सिद्ध होगा।कार्यक्रम में संभाग के विभिन्न जिलों से आए संसाधन व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा जनहितकारी कार्यों की निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।कार्यशाला का संचालन कनिष्ठ सहायक सुनील जोशी ने किया।

Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *