टेबल टेनिस खिलाड़ियों को बैग का किया वितरण

Share News

बीकानेर 28 जून । एसएमएस दिव्यांग सेवा संस्था द्वारा दिव्यांग टेबल टेनिस खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए संस्था के उपाध्यक्ष लक्ष्मण रामावत ने खिलाड़ियों को खेल बैग भेंट किए। उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे सहयोग दिव्यांग खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें अपनी चुनौतियों को अपनी ताकत बनाकर खेलों में नई पहचान बनाने की प्रेरणा देते हैं। संस्था की अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया ने इस सहयोग के लिए लक्ष्मण रामावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में संस्था के साथ-साथ प्रशिक्षकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनके निरंतर मार्गदर्शन और समर्पण से खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। लूप टेबल टेनिस अकादमी में दिव्यांग खिलाड़ी आगामी नेशनल गेम्स की तैयारियों में जुटे हुए हैं। अकादमी के कोच दुष्यंत सिंह ने बताया कि खिलाड़ी नियमित और उच्च स्तर का प्रशिक्षण ले रहे हैं तथा आने वाले समय में बीकानेर के दिव्यांग खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत पहचान बनाएंगे।संस्था के प्रशिक्षक गजानंद शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और समाज का सहयोग मिलता रहा तो बीकानेर के दिव्यांग खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। संस्था ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं।

Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *