
बीकानेर, 15 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने सोमवार को योग जागरूकता फ्लेक्स का विमोचन किया। इस अवसर पर आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक एवं योग दिवस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. पवन कुमार पारीक, सहायक निदेशक डॉ. जितेन्द्र सिंह भाटी, सहायक निदेशक डॉ. रिडमल सिंह राठौड़, डॉ इरशाद रफीक, डॉ हरिराम शर्मा उपस्थित रहे। यह आयोजन जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो समाज को स्वास्थ्य, संतुलन एवं सकारात्मकता से जोड़ती है। उन्होंने जिलेवासियों से परिवार सहित योग कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक एवं सामाजिक समृद्धि का भी आधार है।जिला कलक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह में हजारों योग साधकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में लगभग सात हजार लोगों के योगाभ्यास की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। *”योगा फॉर हेल्दी एजिंग” की थीम पर आयोजित होगा योग दिवस* आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन कुमार पारीक ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ”योगा फॉर हेल्दी एजिंग” निर्धारित की गई है। इसी थीम के अनुरूप विभिन्न जागरूकता, प्रशिक्षण एवं योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।*50 दिवसीय “योग दिवस काउंटडाउन” अभियान*उन्होंने बताया कि जनमानस में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 2 मई से 20 जून तक 50 दिवसीय “योग दिवस काउंटडाउन” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के सभी 57 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) केन्द्रों, सभी तहसील मुख्यालयों तथा जिला मुख्यालय के विभिन्न पार्कों में नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।डॉ. पारीक ने बताया कि व्यास कॉलोनी सेक्टर-5 स्थित दयानंद पार्क, मुक्ता प्रसाद कॉलोनी के दादा-पोता पार्क, मुरलीधर व्यास कॉलोनी के भैरूजी पार्क तथा योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र, रानी बाजार में आयुर्वेद विभाग के प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों द्वारा प्रतिदिन योगाभ्यास करवाया जा रहा है।*प्रातः 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय आयोजन*उन्होंने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसके साथ ही जिला मुख्यालय, सभी ब्लॉक (उपखंड) मुख्यालयों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

