
बीकानेर, 16 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत सियासर पंचकोसा, पंचायत समिति पूगल में मंगलवार को ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।शिविर प्रभारी तथा उपखंड अधिकारी दिव्या बिश्नोई ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा खाता विभाजन, नाम शुद्धिकरण, विरासत इंतकाल, फार्मर रजिस्ट्री, जाति प्रमाण पत्र, रास्तों से संबंधित समस्याओं सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों का निस्तारण किया गया। साथ ही ग्रामीणों को गिरदावरी ऐप की जानकारी दी गई, जिससे 50 से अधिक किसान लाभान्वित हुए।चिकित्सा विभाग की ओर से 10 टीबी स्क्रीनिंग तथा 50 एनसीडी (गैर-संचारी रोग) स्क्रीनिंग की गई।बिजली विभाग द्वारा दो प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त चक 662 आरडी में टूटे हुए विद्युत पोल को बदलकर नया पोल लगाया गया। वहीं ओकार सिंह के खेत में क्षतिग्रस्त पोल को भी बदल दिया गया, जिससे आगे स्थित पांच ट्यूबवेलों की विद्युत आपूर्ति पुनः सुचारू हो सकी।रसद विभाग द्वारा लाभार्थियों की केवाईसी एवं आधार सीडिंग का कार्य किया गया।पशुपालन विभाग ने पशुओं की स्वास्थ्य जांच कर बीमार पशुओं का उपचार किया तथा पशुपालकों को निशुल्क दवाइयों का वितरण किया।ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अनेक सेवाओं का लाभ मिला तथा उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की गई।

