
बीकानेर 28 जून । विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की जिला बैठक शनिवार को स्थानीय आदि गणेश जी मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मिलन प्रमुख श्री गजेंद्र सिंह सांखला (गज्जू भाई) का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक का मुख्य विषय आगामी बूढ़ा अमरनाथ यात्रा एवं बजरंग दल सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाले सेवा एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत योजना तैयार करना रहा।बैठक के दौरान बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर यात्रा के व्यापक प्रचार-प्रसार, अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक प्रखंड स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाने पर विस्तृत चर्चा हुई।बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत मिलन प्रमुख श्री गजेंद्र सिंह सांखला (गज्जू भाई) ने कहा कि “बूढ़ा अमरनाथ यात्रा संगठित हिंदू समाज की आत्मा है।” उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हिंदू समाज की एकता, समरसता और राष्ट्रभावना का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक युवाओं एवं श्रद्धालुओं को यात्रा से जोड़ते हुए इसे सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।बजरंग दल जिला संयोजक बजरंग तंवर ने बताया कि बजरंग दल सेवा सप्ताह के अंतर्गत बीकानेर महानगर के सातों प्रखंडों में चिकित्सा शिविर एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सेवा सप्ताह के माध्यम से संगठन समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार के ध्येय को साकार करेगा। चिकित्सा शिविरों के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा वृक्षारोपण अभियान के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता संपर्क, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों तथा सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए बूढ़ा अमरनाथ यात्रा एवं सेवा सप्ताह के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया गया।बैठक में विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष विजय कोचर, सह मंत्री आनंद गुप्ता, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख हरिकिशन व्यास, सत्संग प्रमुख अशोक सेन, प्रखंड संयोजक ऋषि पारीक, गंगाशहर प्रखंड सहसंयोजक संदीप गहलोत, गौ रक्षा प्रमुख मोतीलाल शर्मा, बजरंग दल मीडिया प्रमुख धनराज मारू, मारकंडे प्रखंड संयोजक अनमोल शर्मा, बजरंग नगर मंत्री ईश्वर दयाल, लक्ष्मीनाथ प्रखंड सहसंयोजक तुषार सोनी, सोनू सोनी, मोहित सोनगरा, राजू गहलोत, हर्षित सोनी.दाऊजी. वीरेंद्र गहलोत नवरत्न गहलोत एवं सोमांशु सोनी अंशुमान सोनी तिलक सोनी शौर्य सोनी अनिरुद्ध सोनी धवल सोनी सहित विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के अनेक दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

