
बीकानेर, 17 जुलाई। देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं, नीट अभ्यर्थियों द्वारा की जा रही आत्महत्याओं तथा इन गंभीर मामलों में जिम्मेदार लोगों के प्रति जवाबदेही तय नहीं किए जाने के विरोध में शुक्रवार को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के इंटर्न चिकित्सकों (मेडिकोज) ने शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।मेडिकल कॉलेज परिसर से प्रारंभ हुआ यह पैदल मार्च मेडिकल कॉलेज सर्किल से आंबेडकर सर्किल तक निकाला गया। मार्च के दौरान सभी चिकित्सक छात्रों ने अपने हाथों में किताबें एवं विभिन्न संदेशों वाले पोस्टर लेकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता की मांग उठाई।प्रतिभागियों ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामले लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय हैं। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं के बढ़ते दबाव और आत्महत्या जैसी घटनाओं पर गंभीर चिंतन एवं प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने तथा विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।इस शांतिपूर्ण मार्च में डॉ. सचेष्ट मल, डॉ. हर्ष कुमार, डॉ. सचिन, डॉ. कोमल, डॉ. रोहित, डॉ. रामस्वरूप, डॉ. अंकित, डॉ. संदीप, डॉ. सान्निध्य, डॉ. राहुल सैनी, डॉ. रिंकू, डॉ. मयंक सहित बड़ी संख्या में इंटर्न चिकित्सक एवं चिकित्सक छात्र उपस्थित रहे।

