हमारी संस्कृति, हमारी धरोहर: राजस्थानी वेशभूषा में महिलाओं ने किया योगाभ्यास

Share News

बीकानेर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व बीकानेर के जय नारायण व्यास कॉलोनी स्थित वृंदावन पार्क में पिछले कई दिनों से नियमित योग अभ्यास सत्र आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज व्यास कॉलोनी की म्हारो प्यारा राजस्थान विकास समिति की महिलाओं ने विशेष रूप से राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा धारण कर योगाभ्यास किया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।इस अनूठे आयोजन में महिलाओं ने योग और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान समिति की सदस्य नीलम शेखावत ने बताया कि योग हमारी प्राचीन धरोहर है और राजस्थानी संस्कृति भी हमारी पहचान एवं पुरानी विरासत का अभिन्न हिस्सा है। इन दोनों का संगम एक अद्भुत संदेश देता है कि हम अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोते हुए पूरी दुनिया तक पहुंचाना चाहते हैं।उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में जहां लोग अपनी जड़ों से दूर होते जा रहे हैं, ऐसे आयोजन समाज को अपनी संस्कृति और स्वास्थ्य दोनों के प्रति जागरूक करने का कार्य करते हैं। योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह हमारी भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन भी है।इस अवसर पर समिति की कई महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उत्साहपूर्वक योगासन किए। कार्यक्रम में पारंपरिक राजस्थानी पहनावे और योगाभ्यास का यह अनूठा संगम उपस्थित लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। महिलाओं ने एक स्वर में संदेश दिया कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *