बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानन्द व्यास ने किया ‘रंग मल्हार-2026’ के पोस्टर का लोकार्पण

Share News

बीकानेर, 9 जुलाई। धोरा इंटरनेशनल आर्टिस्ट्स सोसाइटी, बीकानेर एवं भोज कला प्रन्यास, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय कला शिविर ‘रंग मल्हार-2026’ के 17वें संस्करण के एक दिवसीय चित्रकला शिविर के पोस्टर का लोकार्पण गुरुवार सायंकाल बीकानेर पश्चिम के विधायक के करकमलों द्वारा उनके जनसुनवाई कार्यालय में किया गया।इस अवसर पर धोरा इंटरनेशनल आर्टिस्ट्स सोसाइटी, बीकानेर के संयोजक मास्टर सौरभ शर्मा, चित्रकार मास्टर सुनील रंगा, मास्टर कमल किशोर जोशी तथा चित्रकार योगेंद्र कुमार पुरोहित सहित अनेक कलाकार उपस्थित रहे। साथ ही बीकानेर के विभिन्न चित्रकारों, गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने भी इस अवसर पर अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पोस्टर लोकार्पण के ऐतिहासिक क्षणों के साक्षी बने।कार्यक्रम के दौरान संयोजक मास्टर सौरभ शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘रंग मल्हार-2026’ का मूल उद्देश्य कला के माध्यम से प्रकृति, संस्कृति और सामाजिक चेतना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अच्छी वर्षा की कामना को केंद्र में रखते हुए ‘रंग मल्हार’ की परिकल्पना के रचयिता डॉ. विद्यासागर उपाध्याय ने चित्रांकन के लिए पारंपरिक संदूक, बक्सा एवं पेटी को कैनवास के रूप में चुना है। इस अनूठी अवधारणा के अंतर्गत सभी कलाकार इन पारंपरिक वस्तुओं पर अपनी सृजनात्मक कला उकेरते हुए समृद्ध वर्षा, प्रकृति संरक्षण एवं लोक संस्कृति का संदेश देंगे।उन्होंने बताया कि ‘रंग मल्हार-2026’ का 17वां संस्करण 12 जुलाई 2026 (रविवार) को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर स्थित गणेश मंदिर प्रांगण, बीकानेर में आयोजित किया जाएगा। शिविर में भाग लेने के इच्छुक कलाकार पूर्व पंजीकरण कराकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं। सभी प्रतिभागियों को धोरा इंटरनेशनल आर्टिस्ट्स सोसाइटी, बीकानेर एवं भोज कला प्रन्यास, बीकानेर की ओर से सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।विधायक जेठानन्द व्यास ने ‘रंग मल्हार-2026’ की अभिनव अवधारणा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कला शिविर न केवल कलाकारों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में संस्कृति, परंपरा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश भी प्रसारित करते हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएँ देते हुए अधिक से अधिक कलाकारों से इसमें भाग लेने का आह्वान किया।

Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *